मतदाता जागरूकता के लिए स्कूल-कॉलेजों में होंगी निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं: khabar 36 Garh is news bilaspur Chhattisgarh


तीन स्तरों पर होगा आयोजन, 20 नवंबर तक घोषित होंगे परिणाम

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 4 नवंबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के स्कूलों एवं कॉलेजों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। मतदाता जागरूकता पर केंद्रित ये प्रतियोगिताएं संस्थान, विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर आयोजित होंगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने जिला स्तरीय स्वीप नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं।
निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रतिभागी इनमें से किसी एक विषय पर निबंध लिख सकेंगे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। संस्थान अपनी सुविधानुसार हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में प्रतियोगिताएं आयोजित कर सकते हैं। स्कूल एवं कॉलेज के सभी इच्छुक विद्यार्थी इनमें भाग ले सकेंगे।
संस्थान स्तर पर निर्वाचन साक्षरता क्लब के समन्वयक प्रतियोगिताएं आयोजित करेंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष दो विद्यार्थियों का चयन विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय द्वारा प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष 10 विद्यार्थियों को जिला स्तरीय फाइनल के लिए चुना जाएगा। जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा फाइनल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और प्रत्येक प्रतियोगिता के अंतिम शीर्ष 10 विजेताओं का चयन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संस्थान स्तरीय प्रतियोगिताएं एवं चयन 2 से 7 नवंबर, विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताएं एवं चयन 10 से 13 नवंबर तथा जिला स्तरीय फाइनल 16 से 18 नवंबर तक आयोजित होंगे। परिणामों की घोषणा और प्रमाणपत्र जारी करने का कार्य 20 नवंबर तक पूर्ण किया जाएगा।
