जिला पंचायत की बैठक में आवास प्लस 2 पर हुई विशेष चर्चा: khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh

आवास प्लस 2 की प्राथमिकता सूची का होगा अनुमोदन

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 22 जून 2026/ जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी की अध्यक्षता में जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 24 जून को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने जनप्रतिनिधियों एवं सदस्यों को कार्यक्रम के उद्देश्यों तथा इसकी कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
बैठक में बताया गया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता, जनभागीदारी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन सभाओं के माध्यम से शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि ग्राम सभाएं लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और ग्रामीण विकास की दिशा तय करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कर इस अभियान को सफल बनाएं।

बैठक में विशेष रूप से आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत तैयार की गई स्थायी प्रतीक्षा सूची पर चर्चा की गई। पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार करने के साथ ही प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण किए जाने की जानकारी दी गई, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
सीईओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले में आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के 2 लाख 28 हजार 336 लोगों का सर्वेक्षण किया गया है। इसमें जनपद बिल्हा के 61,894, कोटा के 42,955, मस्तूरी के 74,164 तथा तखतपुर के 49,323 हितग्राही शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्रता का निर्धारण केवल सर्वेक्षण से जुड़े हितग्राहियों के आधार पर किया जाएगा तथा ग्राम सभा में नए नाम जोड़ने का कोई प्रावधान नहीं है।
बैठक में यह भी बताया गया कि विशेष ग्राम सभाओं के दौरान विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों से ग्राम सभाओं में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने और ग्रामीण विकास के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।










