सीईओ जिला पंचायत ने ठरकपुर,नरगोडा के गोबर गैस संयंत्रों का लिया जायजा: khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh

स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और नियमित रखरखाव पर दिया जोर

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 26 जून 2026/ जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने विकासखंड मस्तूरी के ग्राम पंचायत ठरकपुर एवं नरगोडा में संचालित गोबर गैस (बायोगैस) संयंत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उनकी कार्यप्रणाली, गैस उत्पादन, उपयोग एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनके अनुभव और सुझाव भी प्राप्त किए।
ग्रामीणों ने बताया कि गोबर गैस के उपयोग से एलपीजी और लकड़ी पर होने वाला खर्च कम हुआ है तथा धुएं से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी राहत मिली है। सीईओ श्री अग्रवाल ने ग्रामीणों को गोबर गैस संयंत्रों का नियमित रखरखाव, समय-समय पर सफाई तथा पर्याप्त मात्रा में गोबर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गोबर गैस संयंत्र स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती को भी बढ़ावा देते हैं।
सीईओ ने अधिकारियों को सभी गोबर गैस संयंत्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा तकनीकी समस्याओं वाले संयंत्रों को शीघ्र सुधारकर पुनः संचालित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, जनपद पंचायत मस्तूरी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।









