जिला पंचायत बिलासपुर में MY Bharat पंजीयन अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न,युवाओं के अधिकाधिक पंजीयन पर दिया गया जोर: khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh


Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 13 जुलाई 2026 :जिला पंचायत बिलासपुर के सभाकक्ष में MY Bharat पंजीयन अभियान (01 जुलाई से 15 अगस्त 2026) के अंतर्गत समीक्षा बैठक का आयोजन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) की अध्यक्षता एवं डिप्टी डायरेक्टर श्री नितिन शर्मा के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
बैठक में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी, शासकीय विभागों के प्रतिनिधि तथा MY Bharat से जुड़े स्वयंसेवक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य MY Bharat पोर्टल पर युवाओं के अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करना तथा अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करना था।
बैठक में MY Bharat पंजीयन अभियान के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बिलासपुर जिले के पंजीयन लक्ष्य, वर्तमान प्रगति एवं लक्ष्य प्राप्ति में आ रही चुनौतियों की समीक्षा की गई। महाविद्यालय एवं विभागवार पंजीयन लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी संस्थानों से अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
बैठक के दौरान पंजीयन संख्या बढ़ाने हेतु विशेष रणनीति बनाई गई, जिसमें महाविद्यालय स्तर पर विशेष पंजीयन अभियान, विभागीय समन्वय, स्वयंसेवकों, NSS, NCC, छात्र संगठनों एवं युवा मंडलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। MY Bharat पोर्टल से संबंधित समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, वेबसाइट, पोस्टर, बैनर, कार्यशाला एवं रैली जैसे विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने का निर्णय लिया गया। बैठक के अंत में उपस्थित प्राचार्यों एवं कार्यक्रम अधिकारियों से अपने-अपने संस्थानों में अधिकाधिक युवाओं का पंजीयन कराकर निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का आग्रह किया गया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि MY Bharat युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी संस्थानों से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा 15 अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।









