मुंगेली

मुंगेली में सरपंच चुनाव की रंजिश में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, 1.20 लाख की सुपारी देकर कराई गई हत्या; पांच आरोपी गिरफ्तार: khabar 36 Garh is news mungeli chattisgarh

अपहरण के बाद पंप हाउस में गला घोंटकर की गई थी तुलसी साहू की हत्या, शव झाड़ियों में फेंका; साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश

Mohammad Nazir Hossain chief editor

ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ मुंगेली: जिले के सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में हुए तुलसी साहू हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में हार की रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने पहले तुलसी साहू का अपहरण किया और फिर पंप हाउस में ले जाकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी धनीराम साहू निवासी पेण्ड्री ‘स’ ने हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए ओमनारायण राजपूत के माध्यम से 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी तय की गई थी। आरोपियों को मृतक की पहचान, घर और आने-जाने की जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। सुपारी की रकम में से 70 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।

सरपंच चुनाव में हार बनी हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में धनीराम साहू करीब 8-9 वोटों से हार गया था। मृतक तुलसी साहू चुनाव के दौरान मतगणना अभिकर्ता था। मुख्य आरोपी को संदेह था कि तुलसी साहू ने जानबूझकर कुछ वोट निरस्त करवाए थे, जिसके कारण उसे हार का सामना करना पड़ा। इसी रंजिश के चलते उसने तुलसी साहू की हत्या की योजना बनाई।

अपहरण कर पंप हाउस में घोंटा गला

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 की शाम तुलसी साहू मोटरसाइकिल से घर से निकला था। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में उसे रोककर जबरन कार में बैठाया और अपहरण कर सरगांव के पास एक पंप हाउस ले गए। वहां उसके हाथ-पैर बांधकर गला घोंट दिया गया।

हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया गया। मृतक के जूते, जैकेट और मोबाइल चार्जर को पंप हाउस के पास पोल्ट्री फार्म के पीछे छिपाया गया, जबकि मोबाइल फोन को घटनास्थल से दूर फेंक दिया गया। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक का गमछा जलाने का प्रयास भी किया। पुलिस जांच में चुनावी धांधली स्वीकार करने संबंधी शपथ पत्र तैयार कराने और हत्या से पहले मृतक का वीडियो बनाने की बात भी सामने आई है।

तकनीकी साक्ष्यों से सुलझी गुत्थी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में साइबर सेल और सरगांव पुलिस ने संयुक्त जांच की। घटनास्थल, मृतक की आवाजाही और संदिग्धों से जुड़े तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।

जांच में मृतक की मोटरसाइकिल घर से करीब दो किलोमीटर दूर मिली, जबकि शव मोटरसाइकिल मिलने के स्थान से लगभग 700 मीटर दूर बरामद हुआ। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हत्या की साजिश तक पहुंची।

पांच आरोपी गिरफ्तार, कई साक्ष्य जब्त

पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें धनीराम साहू (40), भुवन साहू (28), ओमनारायण राजपूत (25), सुरेंद्र जोशी (25) और टीकाराम साहू (53) शामिल हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पंप हाउस के कटे तार, मृतक के जूते, जैकेट, मोबाइल चार्जर और मोबाइल फोन, स्टाम्प पेपर, घटना से संबंधित वीडियो, मोटरसाइकिल, निशान कार तथा सुपारी की शेष 10 हजार रुपये की रकम जब्त की गई है। सभी पांच आरोपियों को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

एसएसपी ने एसडीओपी और थाना प्रभारी की थपथपाई पीठ

हत्याकांड का सफल खुलासा करने में सरगांव पुलिस और साइबर टीम की अहम भूमिका रही। बेहतर पुलिसिंग और गंभीरता से की गई विवेचना के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने एसडीओपी हरविंदर सिंह और थाना प्रभारी अशोक यादव की सराहना की। वहीं पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने मामले के खुलासे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

इस हत्याकांड ने एक बार फिर चुनावी रंजिश और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है। महज कुछ वोटों से मिली हार की कथित खुन्नस में रची गई साजिश ने एक परिवार को उजाड़ दिया।

WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.05 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.05
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.10 (2)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.07
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.06 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.12 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.08
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.09 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.07 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.07 (2)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.11 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.13
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.11
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.08 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.09
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.13 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.12
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.10 (1)
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.06
WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.39.10
Back to top button
error: Content is protected !!