युवाओं के नवाचार को मिलेगा मंच, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ के लिए पंजीयन शुरू”khabar 36 Garh is news bilaspur chhattisgarh

10 क्षेत्रों से चुने जाएंगे 50 विजेता, प्रत्येक को मिलेगी 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

Mohammad Nazir Hossain chief editor

ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 7 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं और विद्यार्थियों में नवाचार एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा शासकीय पॉलीटेक्निक बिलासपुर में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रतियोगिता, पंजीयन प्रक्रिया और नवाचार के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री सुनील पाण्डेय ने बताया कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के अंतर्गत 10 विभिन्न क्षेत्रों से नवीन एवं उपयोगी विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्र से 5 विजेताओं का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 50 विजेता चुने जाएंगे। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में कुल 5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
श्री पाण्डेय ने विद्यार्थियों को समाज एवं उद्योग जगत की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए नए और उपयोगी विचार सामने लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच को सही मंच मिलने से उनके विचार उपयोगी नवाचार में बदल सकते हैं। कार्यक्रम में प्रतियोगिता की पंजीयन प्रक्रिया एवं आवश्यक मार्गदर्शन की जानकारी भी दी गई। पंजीयन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।
प्रतियोगिता में पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों के साथ ही बाहर के इच्छुक प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं संस्थान के कर्मचारियों से प्रतियोगिता की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें पंजीयन के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

