बाल भारती पब्लिक स्कूल ने अनाथालय एवं वृद्धाश्रम में बाँटी खुशियाँ: khabar 36 Garh is news sipat ntpc bilaspur chhattisgarh


Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ सीपत, 22 नवंबर 2026। विद्यार्थियों में सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से बाल भारती पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी सीपत द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले सामुदायिक सेवा कार्यक्रम (Community Outreach Programme) एवं प्रोजेक्ट हैप्पीनेस (Project Happiness) के अंतर्गत इस वर्ष भी विशेष सेवा गतिविधि आयोजित की गई। CBSE की समग्र एवं मूल्यपरक शिक्षा की भावना से जुड़ी इस पहल में विद्यालय के 46 विद्यार्थियों ने प्राचार्य श्री शलभ निगम एवं शिक्षकों के साथ सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सर्वप्रथम बिलासपुर के कुदुदंड स्थित मातृछाया अनाथालय का भ्रमण किया। यहाँ बच्चों के लिए अन्न, वस्त्र, चादर एवं कंबल सहित आवश्यक सामग्री भेंट की गई। साथ ही नवजात शिशुओं के लिए डायपर एवं विशेष शिशु आहार नेनप्रो दूध पाउडर का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर संस्था के सचिव श्री भास्कर वर्तक सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात विद्यार्थी एवं शिक्षक मंगला स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी द्वारा संचालित आशा भवन वृद्धाश्रम पहुँचे। यहाँ निवासरत वृद्ध महिलाओं के लिए अन्नदान एवं वस्त्रदान के साथ राशन सामग्री, तेल, साबुन, फिनाइल, नाइटी, चादर, कंबल तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएँ प्रदान की गईं।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री शलभ निगम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को संवेदनशील और संस्कारवान नागरिक बनाना भी है। जरूरतमंदों की सहायता एवं बुजुर्गों का सम्मान करना ही सच्ची शिक्षा के महत्वपूर्ण मूल्य हैं।
विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित यह पहल CBSE की समग्र शिक्षा, अनुभवात्मक अधिगम एवं मूल्यपरक शिक्षा की भावना को व्यवहार में उतारने का प्रयास है। प्रोजेक्ट हैप्पीनेस के माध्यम से विद्यार्थियों को यह अनुभव कराया जाता है कि वास्तविक प्रसन्नता दूसरों के जीवन में मुस्कान लाने और उनके सुख-दुःख में सहभागी बनने में है।
प्राचार्य श्री शलभ निगम के मार्गदर्शन में संपन्न यह आयोजन विद्यालय की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें शैक्षणिक विकास के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में मानवीय मूल्यों और सामाजिक चेतना का विकास भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।