प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली ग्रामीण जीवन की तस्वीर,76 परिवारों को मिला पक्का आशियाना: khabar 36 Garh is News bilaspur chhattisgarh

सफलता की कहानी
सिलदहा में 76 परिवारों को मिला पक्का आशियाना, सम्मान और सुरक्षा की नई पहचान

Mohammad Nazir Hossain chief editor Raipur
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 22 फरवरी, 2026/ जिले के कोटा ब्लॉक का ग्राम पंचायत सिलदहा आज ग्रामीण विकास की एक सशक्त मिसाल बनकर सामने आया है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन से 76 जरूरतमंद परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो चुका है। यह केवल आवास निर्माण की उपलब्धि नहीं, बल्कि जीवन स्तर में व्यापक और स्थायी परिवर्तन की कहानी है। जिसके लिए हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री का आभार जताया है
योजनाबद्ध प्रयास और समयबद्ध क्रियान्वयन
ग्राम पंचायत में कुल 120 आवास स्वीकृत किए गए थे। पंचायत प्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों और ग्रामीणों के सहयोग से अब तक 76 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष आवास तेजी से निर्माणाधीन हैं। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य की सतत निगरानी, गुणवत्ता का ध्यान और हितग्राहियों की सक्रिय भागीदारी ने योजना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कच्चे मकानों से सुरक्षित आशियाने तक
इन परिवारों में अधिकांश ऐसे थे, जो वर्षों से कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे थे। बरसात में टपकती छतें, दीवारों में दरारें, गर्मी में असहनीय ताप और ठंड में असुरक्षा—ये सब उनकी रोजमर्रा की कठिनाइयों का हिस्सा थे। प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की मार का सीधा प्रभाव उनके स्वास्थ्य और आजीविका पर पड़ता था।आज वही परिवार मजबूत नींव और पक्की छत वाले सुरक्षित घरों में निवास कर रहे हैं। नए आवासों ने उन्हें मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से राहत दी है और जीवन में स्थायित्व का अहसास कराया है।
सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास में वृद्धि
पक्का घर केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सामाजिक पहचान का प्रतीक है। नए आवास मिलने से परिवारों में आत्मविश्वास बढ़ा है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है, महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार मिला है, और बुजुर्गों को स्थिरता का भरोसा।स्थायी आवास ने सामाजिक स्तर पर उनकी प्रतिष्ठा को भी सुदृढ़ किया है। अब वे स्वयं को समाज की मुख्यधारा से जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं।
आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम
पक्का आवास मिलने से परिवारों की आर्थिक स्थिति पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। बार-बार मरम्मत की आवश्यकता समाप्त हुई है, जिससे अनावश्यक खर्चों में कमी आई है। सुरक्षित आवास के कारण आजीविका के साधनों पर ध्यान केंद्रित करना संभव हुआ है।
सिलदहा ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की योजनाओं के जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन पारदर्शिता, प्रतिबद्धता और सामूहिक सहभागिता का परिणाम हैं।
यह सफलता केवल 76 मकानों के निर्माण की उपलब्धि नहीं, बल्कि 76 परिवारों के सुरक्षित, सम्मानजनक रहने और सशक्त भविष्य की मजबूत नींव है। सिलदहा आज ग्रामीण विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है और अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा है।









