मितानिनों का बड़ा ऐलान: 25 जून को बिलासपुर में सांकेतिक धरना, 23 का चुनावी घोषणा पूरे करने की मांग: khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh


Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ मस्तुरी/ बिलासपुर – प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर 25 जून को बिलासपुर के अरपा रिवर व्यू मे एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद रैली निकालकर माननीय मुख्यमंत्री जी के नाम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संघ ने अनुविभागीय अधिकारी (रा) बिलासपुर को सौंपे सूचना पत्र में कहा है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादों के अनुसार मितानिन कर्मचारियों के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि तथा उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत संविलियन किए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इन मांगों पर अमल नहीं हुआ है।
संघ का आरोप है कि मितानिन कार्यक्रम के संचालन का कार्य एक बाहरी संस्था (NGO) को सौंप दिया गया है, जिससे मितानिनों में असंतोष है। संगठन का कहना है कि सरकार को अपने चुनावी वादों का सम्मान करते हुए मितानिनों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ ने बताया कि धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक होगा। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान मितानिनों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा और मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा।
धरना स्थल: अरपा रिव्यू से सिम्स मेडिकल कालेज,कम्पनी गार्डन, पंडित देवकीनंदन चौक होते हुए नेहरू चौक मे माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा यह प्रदर्शन जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिनों की लंबित मांगों को लेकर आयोजित किया जा रहा है, जिस पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।










