एनटीपीसी सीपत में ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ, NEET और JEE की तैयारी के लिए 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलेगी कोचिंग सुविधा: khabar 36 Garh is News sipat ntpc bilaspur chhattisgarh


Mohmmad Nazir Hossain chief editor

ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ सीपत/बिलासपुर:
एनटीपीसी सीपत में 26 अगस्त 2026 को शासकीय विद्यालयों के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को NEET एवं JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री संजय अग्रवाल, आईएएस, कलेक्टर, बिलासपुर एवं विशिष्ट अतिथि श्री रजनेश सिंह, आईपीएस, एसएसपी एवं डीआईजी, बिलासपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री स्वपन कुमार मंडल, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी सीपत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
‘संकल्प’ के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के कुल 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया है। दोनों कक्षाओं के लिए 50-50 विद्यार्थियों के अलग-अलग बैच बनाए गए हैं। इसमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत, शासकीय हाईस्कूल दर्राभाटा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी, स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय पंधी तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत के विद्यार्थी शामिल हैं। कोचिंग कक्षाएं सप्ताह में चार दिन आयोजित की जाएंगी और प्रत्येक दिन तीन घंटे की कक्षा होगी। विद्यार्थियों को भौतिकी, गणित, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान विषयों की तैयारी कराई जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री संजय अग्रवाल ने एनटीपीसी सीपत की इस पहल की सराहना की और कहा कि ‘संकल्प’ जैसी पहल सामुदायिक विकास के साथ-साथ क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा एवं चुनौतियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति संकल्पित रहने और इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में ऐसी ऊर्जा और आत्मविश्वास का निर्माण होना चाहिए, जिससे वे भविष्य में राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलना जरूरी है और ऐसी पहलें इसी दिशा में सार्थक प्रयास हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री रजनेश सिंह, आईपीएस ने ‘संकल्प’ को सराहनीय सामाजिक पहल बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उनके घर के नजदीक देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिलना महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का पूर्ण लाभ उठाने और अपनी मेहनत से माता-पिता, समाज तथा राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने एनटीपीसी के गीत में निहित ‘ज्योति किरण’ के भाव का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को स्वयं आगे बढ़ने के साथ समाज को भी प्रकाश देने के लिए प्रेरित किया।
परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी सीपत की यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कलेक्टर, बिलासपुर एवं एसएसपी एवं डीआईजी, बिलासपुर के मार्गदर्शन और सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सीपत विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है। ‘संकल्प’ के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर इंजीनियर और डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए श्री बी.बी. पात्रा, मानव संसाधन प्रमुख ने बताया कि कलेक्टर, बिलासपुर द्वारा दिए गए सुझाव के बाद इस पहल को आकार दिया गया। इसके तहत आसपास के शासकीय विद्यालयों से कक्षा 10वीं एवं 11वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 50-50 विद्यार्थियों का चयन कर कुल 100 विद्यार्थियों को ‘संकल्प’ कोचिंग कार्यक्रम में प्रवेश दिया गया।
उद्घाटन समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों के लिए नियुक्त फैकल्टी भी उपस्थित रही। फैकल्टी द्वारा विद्यार्थियों को कोचिंग की कार्ययोजना, कक्षा संचालन एवं आवश्यक नियमों की जानकारी दी गई। ‘संकल्प’ के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक व्यवस्थित शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।










