मितानिनों का सम्मान, मानव सेवा के प्रति समर्पण को किया गया नमन: khabar 36 Garh is news sipat ntpc bilaspur chhattisgarh


ग्राम पंचायत सोठी में सम्मान समारोह का आयोजन, मुख्य अतिथि नीमा गोपी वस्त्रकार ने मितानिन बहनों के सेवाभाव की सराहना की

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ सीपत। ग्राम पंचायत सोठी के कार्यालय परिसर में 23 नवंबर को मितानिन सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर तथा राजकीय गीत के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती नीमा गोपी वस्त्रकार ने मितानिन बहनों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मितानिनों का कार्य मानव सेवा का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। वे अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ दिन-रात निःस्वार्थ भाव से समाज और ग्रामीणों की सेवा में जुटी रहती हैं। उनका यह समर्पण और सेवाभाव निश्चित रूप से सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायत विभाग के कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनकी सक्रियता और जागरूकता के कारण गांवों में शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिली है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, टीबी, कुष्ठ रोग, बीपी, शुगर और मोतियाबिंद जैसी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही जोखिम वाली गर्भवती माताओं को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने में मितानिनों की अहम भूमिका है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में मितानिन बहनों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। वे शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेतु का कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर मितानिन बहनों को श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मितानिन लीलावती श्रीवास, कांति धुलिया, अनुपमा डिक्सेना, संतोषी महंत, मनीषा धीवर एवं उषा मरावी शामिल रहीं। इसके अलावा मितानिन प्रशिक्षिका कौशिल्या साहू, जिला समन्वयक पुनीता वर्मा एवं ब्लॉक समन्वयक हीरालाल यादव का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में महेश्वर सिदार, पूर्णिमा सिदार, बृजमाला, राजकुमारी, रामकुमार धीवर, राजकुमार धीवर सहित ग्राम पंचायत के पंच, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन पंचायत सचिव दशरथ साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन पंच राम कश्यप ने किया।
