लिंगियाडीह में रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ: khabar 36 Garh is news bilaspur chhattisgarh

विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने किया लोकार्पण, आम नागरिकों को मिलेंगी सस्ती एवं सुलभ दवाइयां
प्रोजेक्ट आरूग का भी शुभारंभ, छात्राओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जाएगा जागरूक
Mohammad Nazir Hossain chief editorख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 5 नवंबर 2026/भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर द्वारा अपोलो चौक, लिंगियाडीह में नवनिर्मित रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने मुख्य अतिथि के रूप में केंद्र का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने की। इस अवसर पर कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के जिला अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एसईसीएल के वित्तीय सहयोग से छात्राओं के मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के लिए प्रोजेक्ट आरोग्य का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं रेडक्रॉस के संस्थापक सर जीन हेनरी ड्यूनांट की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर नवनिर्मित रेडक्रॉस मेडिकल शॉप का विधिवत लोकार्पण किया तथा प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का अवलोकन कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
*आम नागरिकों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराना सराहनीय पहल: विधायक सुशांत शुक्ला
मुख्य अतिथि विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जनहित एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुलभ एवं किफायती दरों पर दवाइयां उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इससे विशेष रूप से जरूरतमंद लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेडक्रॉस मेडिकल शॉप, लिंगियाडीह में बॉडी फ्रीजर एवं फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध कराने की बात कही। महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने रेडक्रॉस सोसायटी के जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लिंगियाडीह में रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों को सस्ती एवं सुलभ दवाइयां उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस पहल के लिए रेडक्रॉस सोसायटी को शुभकामनाएं देते हुए शहर के सभी जोन में ऐसी सुविधाओं का विस्तार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने रेडक्रॉस सोसायटी की जनकल्याणकारी गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस मानव सेवा की भावना से कार्य करने वाली संस्था है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रेडक्रॉस सोसायटी से जुड़कर जनसेवा के कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की।
प्रोजेक्ट आरूग से छात्राओं को मिलेगी मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की जानकारी
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एसईसीएल के वित्तीय सहयोग से प्रारंभ किए जा रहे प्रोजेक्ट आरूग का भी विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत शालेय छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान होने वाली परेशानियों, उनके समाधान एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में जागरूक किया जाएगा। साथ ही छात्राओं को सेनेटरी पैड का वितरण भी किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत छात्राओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपनी बहनों एवं आसपास की महिलाओं को भी मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के संबंध में जानकारी दे सकें। इस अवसर पर एसईसीएल बिलासपुर के सीएसआर सलाहकार श्री सी.एम. वर्मा ने परियोजना की सराहना की।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी की प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्य श्री सुरेंद्र कुमार ने संस्था की प्रमुख गतिविधियों एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने नवनिर्मित रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की उपयोगिता और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा रेडक्रॉस सोसायटी की सचिव डॉ. श्रीमती शुभा गरेवाल, नोडल अधिकारी डॉ. एम.ए. जीवानी, जिला समन्वयक श्री सौरभ सक्सेना, सहायक कलेक्टर श्री आदित्य पांडे, प्रबंध समिति के सदस्य श्री सुरेंद्र कुमार, श्री राजीव अवस्थी, श्री अमरजीत सिंह दुबा, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्री तिलक साहू, पार्षद श्रीमती रेखा सूर्यवंशी, पार्षद श्री जय वाधवानी, एल्डरमैन श्रीमती भगवती साहू, युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री ऋषभ चतुर्वेदी, श्री पुरुषोत्तम पटेल, श्री शैलेश देवांगन एवं श्री जगेंद्र कश्यप सहित रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के राज्य प्रतिनिधि एवं प्रबंध समिति सदस्य श्री बृजेंद्र शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।