सीपत वनांचल खम्हरिया क्षेत्र में हर्षोल्लास से मनाई गई दीपावली, बाजारों में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, सीपत-बलौदा मार्ग पर चलना मुश्किल, गड्ढें धूल से राहगीर परेशान: khabar 36 Garh is news bilaspur chhattisgarh

सोना-चांदी, कपड़े, पटाखे और मिठाइयों की जमकर हुई खरीदारी, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीपत पुलिस रही मुस्तैद

सड़क पर उड़ती धूल से वाहन चालकों को हो रही परेशानी, हादसों का बना रहता है खतरा, जिम्मेदार विभाग मौन
Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ सीपत/बिलासपुर। सीपत वनांचल खम्हरिया क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। दीपावली को लेकर क्षेत्र के बाजारों में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। ग्रामीणों ने पर्व की तैयारियों के लिए सोना-चांदी, नए कपड़े, पटाखे, मिठाइयां एवं पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी की।

दीपावली के अवसर पर बाजारों में लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही। दुकानों में रंग-बिरंगी सजावट, मिठाइयों और पटाखों की दुकानों पर विशेष चहल-पहल दिखाई दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में त्योहार को लेकर खासा उत्साह नजर आया। शाम होते ही घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाए गए तथा आकर्षक रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा।

वहीं दीपावली पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीपत पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस जवानों द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त एवं पेट्रोलिंग की गई, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और लोग शांतिपूर्ण माहौल में दीपावली का आनंद उठा सकें


सीपत-बलौदा मार्ग पर चलना मुश्किल, गड्ढों और धूल से राहगीर परेशान
सीपत-बलौदा मार्ग की बदहाल स्थिति से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और उड़ती धूल लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले ग्रामीणों, किसानों, मजदूरों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है।
बरसात के दौरान सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। वहीं बारिश थमने के बाद अब वाहनों के गुजरते ही धूल के गुबार उठने लगते हैं। सामने से आने वाले वाहनों को देख पाना भी मुश्किल हो जाता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। धूल के कारण आसपास के रहवासियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली से लोगों का सफर जोखिम भरा हो गया है। कई बार शिकायतों और मांगों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर सीपत-बलौदा मार्ग की बदहाल तस्वीर कब बदलेगी? लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य को लेकर कब गंभीरता दिखाएंगे? क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द सड़क का स्थायी निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।
