2019 में शुरू किया सफर 2026 में हुआ पूरा, देश के 14 राज्यों के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का किया भ्रमण: khabar 36 Garh is news bilaspur chhattisgarh


हम सब ग्रुप के मित्रों ने पूरी की चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की ऐतिहासिक धार्मिक यात्रा

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर: हायर सेकेंडरी विद्यालय छुरी में एक साथ पढ़ाई करने वाले पुराने मित्रों के समूह ‘हम सब ग्रुप’ ने आपसी मित्रता, आस्था और संकल्प की अनूठी मिसाल पेश करते हुए चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली है। वर्ष 2019 में शुरू हुई यह धार्मिक यात्रा वर्ष 2026 में पूरी हुई। इस दौरान मित्रों ने देश के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध मंदिरों, तीर्थस्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर यादगार अनुभव संजोए।
समूह के चार मित्रों में मड़ाई निवासी शिव कुमार साहू के साथ नारायण दास, गोविंद भारिया और दिलबोध दास ने चारों धाम जगन्नाथपुरी, द्वारिकापुरी, बद्रीनाथ और रामेश्वरम के साथ ही 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन किए। इनमें वैद्यनाथ, मल्लिकार्जुन, काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, रामेश्वरम, केदारनाथ, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर, नागेश्वर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग शामिल हैं।
वहीं समूह के अन्य मित्रों केशरी दयाल, पवन उरांव, भारत कंवर, चंद्रप्रकाश आहिरे, नरोत्तम प्रजापति, सहदेव प्रजापति, अस्थिर दास, भीखम साहू, जयपाल यादव, सुशील साहू, रविन्द्र कंवर, घनश्याम जायसवाल, पवन धोबी, हितानंद भारिया, दरस भारिया और सुशील कंवर ने भी अलग-अलग समय पर कुछ धामों और ज्योतिर्लिंगों की यात्राएं की हैं।
सात वर्षों में देश के 14 राज्यों का किया भ्रमण
शिव कुमार साहू ने बताया कि वर्ष 2019 से मित्रों ने धार्मिक यात्राओं का सिलसिला शुरू किया था, जो वर्ष 2026 में पूरा हुआ। इस दौरान समूह ने झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड सहित देश के 14 राज्यों का भ्रमण किया।
यात्रा के दौरान जसीडीह, कोलकाता, चेन्नई, रेनिगुंटा, तिरुपति, बेंगलुरु, मैसूर, श्रवणबेलगोला, मुरुदेश्वर, हम्पी, हैदराबाद, नासिक, औरंगाबाद, पुणे, शिरडी, शनि शिंगणापुर, मुंबई, गोवा, भोपाल, इंदौर, ओंकारेश्वर, वडोदरा, अहमदाबाद, जूनागढ़, सोमनाथ, भुज, कच्छ का रण, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग, जानकी चट्टी, दिल्ली, मथुरा, आगरा, वाराणसी, अयोध्या, मदुरै, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, तिरुवनंतपुरम, पुरी और भुवनेश्वर जैसे अनेक प्रमुख शहरों और स्थलों का भ्रमण किया।
धार्मिक स्थलों के साथ ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का भी किया दर्शन
चारधाम और ज्योतिर्लिंगों के अलावा मित्रों ने लिंगराज मंदिर, कोणार्क सूर्य मंदिर, मीनाक्षी मंदिर, धनुषकोटि, पंबन ब्रिज, पंचमुखी हनुमान मंदिर, पद्मनाभस्वामी मंदिर, कालिका मंदिर, वासुकीनाथ, तिरुपति बालाजी, संदीपनी आश्रम, सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी), चामुंडी देवी मंदिर, साबरमती आश्रम, अक्षरधाम मंदिर, हरकी पैड़ी, गायत्री माता शांतिकुंज, गंगोत्री, यमुनोत्री, कृष्ण जन्मभूमि, प्रेम मंदिर, गोकुल, पागल बाबा मंदिर, ताजमहल, प्रयागराज संगम, राम जन्मभूमि, पंचवटी, गोदावरी स्थल, चिल्का झील, शिरडी, शनि शिंगणापुर, दक्षिणेश्वर काली मंदिर, मुरुदेश्वर मंदिर और कपिलेश्वर मंदिर सहित अनेक प्रसिद्ध स्थानों के दर्शन किए।
इसके अलावा हम्पी, मैसूर पैलेस, बेंगलुरु पैलेस, जैन बाहुबली प्रतिमा, चारमीनार, हुसैन सागर झील, विक्टोरिया मेमोरियल, हाजी अली दरगाह, ताजुल मस्जिद, क्रिकेट स्टेडियम, विभिन्न समुद्री तटों, साइंस सिटी, संग्रहालयों, सालारजंग संग्रहालय, विवेकानंद रॉक मेमोरियल और अन्य ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का भी भ्रमण किया।
मित्रता, आस्था और भारत भ्रमण का अनूठा संगम
समूह के मित्रों का कहना है कि इस लंबी यात्रा ने उन्हें केवल धार्मिक आस्था से ही नहीं जोड़ा, बल्कि भारत की विविध संस्कृति, परंपरा, इतिहास, प्राकृतिक सुंदरता और स्थापत्य कला को करीब से देखने का अवसर भी दिया। अलग-अलग राज्यों और शहरों की यात्राओं ने जीवनभर याद रहने वाली सुखद स्मृतियां दी हैं।
शिव कुमार साहू ने भावुकता के साथ कहा कि चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना हम सभी मित्रों के लिए परम सौभाग्य की बात है। प्रभु और माता रानी के दर्शन तथा भक्ति का आनंद और अनुभूति शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। वास्तव में हमारा भारत देश सुंदर, अद्भुत और अनोखा है।
उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब भी जीवन में अवसर मिले, चारधाम और ज्योतिर्लिंगों के दर्शन अवश्य करें तथा भारत भ्रमण कर देश की विविधता और सुंदरता को करीब से देखें।
उन्होंने कहा कि जीवन में अक्सर ऐसा होता है कि जब समय होता है तो पैसा नहीं होता, जब पैसा होता है तो समय नहीं मिलता और जब समय और पैसा दोनों होते हैं तो शरीर साथ नहीं देता। इसलिए जीवन में अवसर मिलने पर यात्राओं को टालना नहीं चाहिए।
‘हम सब ग्रुप’ के मित्रों की यह सात वर्षों की यात्रा केवल तीर्थ दर्शन की कहानी नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी मित्रता, सामूहिक संकल्प, आपसी सहयोग और अटूट आस्था की प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।
