नहर निर्माण पर उठे सवाल; गुणवत्ताहीन कार्य का आरोप,सरपंच ने जल संसाधन विभाग से की जांच की मांग ! Khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh

नहर में पानी छिड़काव एवं घटिया पिचिंग कार्य,ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

Mohmmad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर: मस्तूरी जनपद पंचायत अंतर्गत सीपत क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा कराए जा रहे नहर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सरपंच मनीषा वंशकार ने ठेकेदार पर घटिया निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाते हुए सिंचाई विभाग से तत्काल जांच कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सीपत से बरेली की ओर जाने वाली छोटी नहर में पिचिंग व सीसी निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। सरपंच का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सीसी कार्य के दौरान पानी का छिड़काव तक नहीं किया जा रहा, जिसके कारण नहर का निर्माण गुणवत्ता विहीन हो रहा है और भविष्य में इसके क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है। सरपंच मनीषा वंशकार ने इस संबंध में सिंचाई विभाग के उप संभागीय अधिकारी को पत्र लिखकर पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सरपंच ने यह भी मांग की है कि जांच के बाद जारी आदेश की भौतिक प्रति ग्राम पंचायत सीपत को उपलब्ध कराई जाए, ताकि ग्राम पंचायत द्वारा निगरानी समिति बनाकर आगे भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई है कि विभाग जल्द ही मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करेगा।









