बच्चा चोर समझ ग्रामीणों ने पकड़े तीन महिलाएं, जांच में खुला पुराने राज,एक महिला निकली चोरी-ठगी केस की आरोपी.. : khabar 36 Garh is News Raipur Chhattisgarh

राजेश मिश्रा सीपत थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई है। सोशल मीडिया में फैल रही भ्रामक खबरों से लोगों में डर का माहौल बना है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दे

महिला झाड़-फूंक के बहाने घर में घुसकर नकदी-जेवर पार करने का आरोप, दो महिलाओं पर पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई!
Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर: सीपत थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह के बीच ग्रामीणों द्वारा पकड़ी गई तीन महिलाओं की जांच में पुलिस के सामने चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पूछताछ और पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि पकड़ी गई महिलाओं में से एक करीब तीन साल पुराने चोरी और ठगी के मामले की आरोपी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार शनिवार को ग्राम बनियाडीह में घूम-घूमकर भीख मांग रही तीन महिलाओं को ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के शक में पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि महिलाएं बच्चों को चॉकलेट का लालच देकर अपने पास बुला रही थीं। शक के आधार पर ग्रामीणों ने तीनों महिलाओं को पकड़कर पुलिस को सूचना दी और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस तीनों महिलाओं को सीपत थाना लेकर आई और पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में महिलाओं ने अपना नाम और पता अलग-अलग बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। बार-बार नाम बदलने पर पुलिस को संदेह हुआ और कड़ाई से पूछताछ की गई। इसके बाद महिलाओं ने अपना सही नाम-पता बताया और चकरभाठा क्षेत्र का निवासी होना स्वीकार किया। पुलिस रिकॉर्ड के मिलान में सामने आया कि इनमें से एक महिला झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई (55) निवासी ग्राम जाली, थाना रतनपुर है, जो पहले से ही ठगी और चोरी के एक मामले में आरोपी है। पुलिस ने पुराने प्रकरण में उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

झाड़-फूंक के बहाने घर में घुसकर की थी चोरी…….
सीपत पुलिस के मुताबिक ग्राम कुकदा में 8 दिसंबर 2023 की रात झाड़-फूंक के बहाने एक दंपती घर पहुंचा था। पीड़ित परिवार के अनुसार रात करीब 11:45 बजे उनके पिता अनिल कानगो और मां गोंदा बाई के बुलाने पर जाली गांव के जनकराम सोंरा और उसकी पत्नी घर आए थे। झाड़-फूंक के दौरान एक पेटी में करीब 50 हजार रुपये नकद, लगभग 40 ग्राम चांदी की पायल, सोने की बिछिया, दो सोने की फुल्ली और दो चांदी की अंगूठियां रखवाई गई थीं। आरोप है कि झाड़-फूंक के दौरान दंपती ने घर के लोगों को नींबू गाड़ने के बहाने बाहर भेज दिया और मौका पाकर पेटी से नकदी और जेवर पार कर दिए। सुबह जब परिवार ने पेटी देखी तो उसका हुक उखड़ा हुआ था और उसमें रखे करीब 60 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवर गायब थे। इसके बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दो महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई…….
वहीं साथ में पकड़ी गई अन्य दो महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने शांति भंग की आशंका के चलते धारा 109 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई है। सोशल मीडिया में फैल रही भ्रामक खबरों से लोगों में डर का माहौल बन रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहों के कारण कई जगह भीड़ हिंसा जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए लोगों को सतर्क और जिम्मेदार रहने की जरूरत है।








