धर्मांतरण का आरोप : सीपत के मोहरा में 3 पर एफआईआर, प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत: khabar 36 Garh is News Raipur Chhattisgarh

प्रार्थना सभा की आड़ में कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला

Mohmmad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर/सीपत :– सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरा में प्रार्थना सभा की आड़ में कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 और 4 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मोहरा कछरीपारा निवासी सुमित यादव (24) ने थाना सीपत में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार सुबह गांव में रामस्वरूप सूर्यवंशी के घर आयोजित प्रार्थना सभा में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सभा में रामस्वरूप सूर्यवंशी, जितेंद्र सूर्यवंशी और बिलासपुर निवासी पंकज कुमार करियारे द्वारा लोगों को अच्छे परिवार में विवाह, मुफ्त इलाज, स्वास्थ्य लाभ और बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर सनातन धर्म छोड़ने के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया गया है।
मौके पर जुटी भीड़, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
ग्रामीणों के अनुसार रामस्वरूप सूर्यवंशी के घर के आंगन में टीन शेड के नीचे प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित थे। सभा स्थल पर बाइबल के साथ नाश्ते और अन्य व्यवस्थाएं भी की गई थीं। माहौल तनावपूर्ण होने की आशंका के बीच ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और सभा को बंद कराते हुए प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
जिले में बढ़ रहे धर्मांतरण के मामले
बिलासपुर जिले में प्रार्थना सभा और चंगाई सभा की आड़ में कथित धर्मांतरण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। जनवरी 2025 से अप्रैल 2026 तक जिले में ऐसे 58 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि गरीब, बीमार और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इलाज, नौकरी, शादी, आर्थिक सहायता और नशा मुक्ति जैसे प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता है। कई मामलों में महिलाओं और बच्चों को भोजन व अन्य मदद के जरिए सभाओं से जोड़ने की शिकायतें भी सामने आई हैं








