बिलासपुर; सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या से हड़कंप..आजीवन कारावास भुगत रहा बंदी सीमेंट स्लैब से किया हमला, इलाज के दौरान मौत! khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh

कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर: बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार को एक कैदी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेल परिसर के भीतर हुए इस घटनाक्रम के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है, वहीं कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कोटा निवासी नीलू जगत के रूप में हुई है, जो पॉक्सो मामले में नवंबर 2024 से केंद्रीय जेल में बंद था। घटना के समय वह जेल की ई-1 बैरक में मौजूद था। इसी दौरान आजीवन कारावास की सजा काट रहा कुख्यात बंदी राजेश राय वहां पहुंचा और नाली को ढंकने वाले सीमेंट के टूटे स्लैब से नीलू जगत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल प्रशासन ने उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी राजेश राय के खिलाफ हत्या के तीन तथा हत्या के प्रयास के दो मामले पहले से दर्ज हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपी दोनों मानसिक बीमारी से पीड़ित थे और उनका उपचार भी चल रहा था। घटना के बाद जेल प्रशासन एवं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं जेल के भीतर हुई इस वारदात ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।










