ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में एसईसीएल ने किया कोल इंडिया का प्रतिनिधित्व: khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh

एसईसीएल निदेशक (एचआर) श्री बिरंची दास ने ब्रिक्स मंच पर साझा किए कोल इंडिया के श्रेष्ठ एचआर मॉडल

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर: भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत हैदराबाद में 14 से 16 जुलाई तक आयोजित हो रही ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने कोल इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधित्व किया।
इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने “ब्रिक्स+ देशों में सर्वोत्तम प्रथाएं” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लेते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के समक्ष कोल इंडिया की मानव संसाधन, कर्मचारी कल्याण एवं सामाजिक विकास संबंधी प्रमुख पहलों को साझा किया।
अपने संबोधन में उन्होंने देश के सबसे बड़े नियोक्ताओं में शामिल कोल इंडिया के 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए संचालित कर्मचारी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार जन-केंद्रित नीतियों और सहभागी कार्यसंस्कृति के माध्यम से संगठन उत्पादकता और कर्मचारी हितों के बीच संतुलन स्थापित कर रहा है।
उन्होंने एसईसीएल की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) आधारित पहलों का भी उल्लेख किया। “एसईसीएल के सुष्रुत” एवं “एसईसीएल की धड़कन” जैसी योजनाओं के माध्यम से कोयलांचल क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ साझा की।
उल्लेखनीय है कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 की थीम “रेज़िलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” है। इसी क्रम में आयोजित तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय समिट में 50 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों के साथ भारतीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि, श्रम विशेषज्ञ एवं शिक्षाविद शामिल हुए। समिट में सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, भविष्य के कार्यबल के लिए कौशल विकास, मानव-केंद्रित प्रौद्योगिकी एवं उत्तरदायी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा बदलती कार्य दुनिया में महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी एसईसीएल बिलासपुर









