कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनें जिले के लोगों की समस्याएं: khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh

वर्तमान संचालक समूह एवं एक व्यक्ति पर पिछले कई वर्षों से अलग-अलग खातों में सरकारी राशि डालकर लाखों रुपये के दुरुपयोग करने: एनल धृतलहरे सरपंच दर्राभाटा

अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 21 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।
जनदर्शन में पहुंचे मस्तुरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत दर्राभांठा के सरपंच एनल धृतलहरे ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि शासकीय भूमि पर संचालित रेशम पालन के नाम पर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। आवेदन में वर्तमान संचालक समूह एवं एक व्यक्ति पर पिछले कई वर्षों से अलग-अलग खातों में सरकारी राशि डालकर लाखों रुपये के दुरुपयोग करने की बात कहीं गई।

ग्राम बाम्हू खैरा के दिव्यांग चंदन कुमार ने अपने घर के समीप स्थित शासकीय तालाब में मत्स्य पालन की अनुमति देने की मांग की। उन्होंने बताया कि वे पूर्ण रूप से दिव्यांग होने के कारण अन्य रोजगार करने में असमर्थ हैं तथा मत्स्य पालन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर परिवार का पालन-पोषण करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इसी प्रकार ग्राम सेंदरी एवं कछार के किसानों ने संयुक्त आवेदन देकर सीबीजी संयंत्र के निर्माण के बाद बरसाती नाले की जल निकासी बाधित होने की शिकायत की। किसानों का कहना है कि पानी की उचित निकासी नहीं होने से खेतों में जलभराव हो रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने बरसाती पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।

जनदर्शन में बेलगहना तहसील के ग्राम बहरामुड़ा निवासी लक्ष्मण सिंह ने भी आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि जनवरी 2026 में शॉर्ट सर्किट से उनका मकान एवं घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया था। उन्होंने मुआवजा राशि के लिए पूर्व में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक सहायता राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने शीघ्र मुआवजा स्वीकृत कर भुगतान कराने की मांग की। मस्तुरी ब्लॉक के शाला प्रबंधन एवं विकास समिति धनगंवा के अध्यक्ष द्वारा शासकीय हाई स्कूल धनगवां में गणित विषय के शिक्षक की लंबे समय से कमी की चर्चा कलेक्टर से की गई। उन्होंने बताया कि शिक्षक के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बोर्ड परीक्षार्थियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने जल्द से जल्द गणित शिक्षक की नियुक्ति करने की मांग की है। मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी के रहवासियों ने ट्रांसफार्मर खराब होने से बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की। नागरिकों ने बताया कि कई घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगाने और स्थायी समाधान कराने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। इसी प्रकार सरकंडा की दिव्यांग बबीता यादव ने कलेक्टर से ट्राई सायकल एवं अमेरी के रोहित कुमार ने मोपका गौशाला में बंद अपनी गाय को वापस दिलाने संबंधी ज्ञापन सौंपे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने एवं समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।








