शिक्षा ऐसी पूंजी है, जितना बांटों,उतनी ही बढ़ती है। शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने के साथ ही समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव तैयार करती है: राजेश सूर्यवंशी अध्यक्ष khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh

छात्र छात्राओं प्रतिदिन स्कूल आएंगे, तभी नई-नई चीजें सीखने का अवसर मिलेगा, विद्यार्थियों से अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाएं: सरस्वती देवी अध्यक्ष जनपद

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ सीपत :– स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सीपत में सोमवार को शाला प्रवेशोत्सव एवं सरस्वती साइकिल वितरण समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि शिक्षा ऐसी पूंजी है, जिसे जितना बांटा जाए, वह उतनी ही बढ़ती जाती है। शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने के साथ ही समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने तथा विद्यालय में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मिले अवसरों का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। मस्तूरी जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती सोनवानी ने कहा कि विद्यार्थी प्रतिदिन स्कूल आएंगे, तभी उन्हें नई-नई चीजें सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाने और पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूल आने के लिए स्वस्थ रहना जरूरी है। पढ़ाई में जो कुछ सीखा है, उसका रोजाना अध्ययन और अभ्यास कर विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेटा एक कुल को आगे बढ़ाता है, जबकि बेटी दो कुलों को संवारती है। इसलिए बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देना समाज की जिम्मेदारी है। शिक्षा ही जीवन का आधार है। जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रवीण्य सूची में नौवां स्थान हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। अब लक्ष्य इससे भी आगे बढ़ने का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य विद्यार्थी भी प्रतिभावान विद्यार्थियों से प्रेरणा लें और कड़ी मेहनत कर सफलता हासिल करें। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय में उपलब्ध पुस्तकों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है। बेटियों को शिक्षा के लिए दूर तक जाने में होने वाली परेशानियों और समाज में चली आ रही रूढ़िवादी सोच को दूर करने की दिशा में साइकिल वितरण योजना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा से जोड़ना, उन्हें प्रोत्साहित करना और उनके परिवार पर शिक्षा का अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम करना है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप ने विद्यार्थियों से विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने और नियमित अध्ययन करते हुए अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे मजबूत कुंजी है। शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बांके बिहारी गुप्ता ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय और समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती सरिता यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्राओं से सरस्वती साइकिल योजना का लाभ उठाने और किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई नहीं छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही उनके आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की आधारशिला है। इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री सतीश पाटनवार, नारायण साहू, एसएमडीसी सदस्य श्रीमती गीता देवी साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष बबीता पाटनवार, पत्रकार हिमांशु गुप्ता, किसान मोर्चा अध्यक्ष कृष्णा भट्ट एवं उपसरपंच प्रतिनिधि शशिकांत साहू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शाला प्रबंधन की ओर से विद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण की मांग भी अतिथियों के समक्ष रखी गई। इसके बाद अतिथियों ने शाला परिसर में छात्राओं को सरस्वती साइकिल वितरित की। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। छात्राओं ने मुस्कुराते हुए साइकिल की घंटी बजाई और उत्साह के साथ अपने-अपने घर के लिए रवाना हुईं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शाला परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्या संतोष सिंह ने किया। इस दौरान शाला के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।










