कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं,संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही करने दिए निर्देश : khabar 36 Garh is news bilaspur chhattisgarh

मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत दर्राभांठा निवासी देवसिंह सोनवानी ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण में अनियमितता एवं शासकीय राशि के उपयोग की जांच की मांग की। आवेदन में उल्लेख किया गया कि भवन निर्माण के लिए राशि आहरित किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है तथा बच्चों को जर्जर भवन में संचालित आंगनबाड़ी में बैठना पड़ रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

Mohammad Nazir Hossain chief editor

ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 11 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल एवं एडीएम श्री शिव कुमार बनर्जी ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।
जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए विकासखंड कोटा के ग्राम रैनपुर कर्रा निवासी भरत लाल केवट ने आम निस्तारी के लिए रास्ते को अवैध कब्जे से मुक्त कराने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि मुख्य गली में बांस गाड़ने, गोबर का घूरवा रखने एवं अन्य अवरोधों के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे किसानों के ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने राजस्व मौके पर जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की। नयापारा की गजबाई कुर्रे ने अपने श्रमिक कार्ड में संशोधन कराने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि श्रमिक कार्ड में त्रुटि होने के कारण उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आवश्यक संशोधन कर लाभ दिलाने का अनुरोध किया। रमतला निवासी बलहीन बाई ने आर्थिक सहायता के लिए कलेक्टर के समक्ष अपना आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि बिजली करंट की चपेट में आने से उन्हें उपचार कराना पड़ा, जिसमें काफी खर्च हुआ। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उन्होंने उपचार हेतु लिए गये कर्ज चुकाने के लिए प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। रतनपुर क्षेत्र की करैहापारा की देहुती बाई ने अपना बंद राशन कार्ड पुनः चालू कराने की मांग करते हुए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड बंद होने से परिवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पात्रता के आधार पर राशन कार्ड पुनः सक्रिय करने का अनुरोध किया। वार्ड क्रमांक-18, तिलक नगर निवासी योगेश दीक्षित ने अपने घर परिसर में स्थित लगभग 30 वर्ष पुराने नारियल के पेड़ को हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि हाल ही में बिजली गिरने से पेड़ का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत दर्राभांठा निवासी देवसिंह सोनवानी ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण में अनियमितता एवं शासकीय राशि के उपयोग की जांच की मांग की। आवेदन में उल्लेख किया गया कि भवन निर्माण के लिए राशि आहरित किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है तथा बच्चों को जर्जर भवन में संचालित आंगनबाड़ी में बैठना पड़ रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। रतनपुर निवासी रामकुमार मण्डलोई ने स्टेट बैंक से संबंधित ऋण प्रकरण में शिकायत प्रस्तुत करते हुए बैंक द्वारा एनओसी जारी होने के बाद भी संपत्ति के मूल दस्तावेज वापस नहीं किए जाने की बात कही। उन्होंने दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
तखतपुर तहसील के ग्राम केकती के पेखन राम यादव ने बताया कि खम्हरिया से दैजा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए उनकी भूमि के एक हिस्से का अधिग्रहण किया गया था। अधिग्रहित भूमि का मुआवजा अब तक नहीं मिला है। उन्होंने अधिग्रहित भूमि का शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है। रतनपुर तहसील के बांसाझाल निवासी भरत सिंह ने आवेदन देकर बताया कि उनकी कृषि भूमि नाले में डूब क्षेत्र में आने से प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि भूमि का उपयोग नहीं हो पाने से आजीविका पर संकट उत्पन्न हो गया है और अब तक उन्हें मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित भूमि का नियमानुसार सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। जनदर्शन में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने एवं समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।









