आदिवासी समाज जल, जंगल,जमीन की रक्षा के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, सभ्यता को सहेजने में सदैव अग्रणी रहे, विधायक लहरिया: khabar 36 Garh is news bilaspur chhattisgarh

आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का मजबूत प्रहरी : विधायक लहरिया

लुतरा में रैली के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस, सर्वसमाज के लिए सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी की मांग पर विधायक ने की 5 लाख रुपए देने की घोषणा

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर/सीपत :– ग्राम लुतरा शरीफ में अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस हर्षोल्लास और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आदिवासी समाज ने रैली निकालकर भाईचारा, एकता और मानवता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा आदिवासी समाज के इष्ट देवों की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। कार्यक्रम में समाज की ओर से सर्वसमाज के लिए सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी एवं भवन की मांग विधायक के समक्ष रखी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि आदिवासी समाज जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और सभ्यता को सहेजने में सदैव अग्रणी रहा है। समाज की प्रगति के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज शिक्षित बने, संगठित रहे और संस्कारवान बने, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ उन्हें संस्कारवान बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है।

लहरिया ने कहा कि ऐसे सामाजिक आयोजनों से नई पीढ़ी में जागरूकता और जिज्ञासा पैदा होती है तथा बच्चे अपनी संस्कृति, परंपरा और समाज के प्रति जुड़ाव महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए वे सभी के आशीर्वाद से संकल्प लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वे देश-प्रदेश में कहीं जाते हैं, तो मल्हार और लुतरा शरीफ का नाम गर्व के साथ लेते हैं। उन्होंने समाज की मांग पर सर्वसमाज के उपयोग के लिए बनने वाली लाइब्रेरी हेतु 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। अखिल गोंड समाज महासभा जेवरा के सचिव जीपी राज ने कहा कि शिक्षा के बिना कोई भी समाज आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने तथा समाज को संगठित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षित बनें, संगठित रहें और संघर्ष करें, तभी समाज मजबूत और विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच चंद्रमणि मेरावी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जीपी राज, भागवत सिंह आर्मोर, देवेश शर्मा सदस्य जनपद पंचायत मस्तूरी, प्रदीप पाण्डेय अध्यक्ष प्रेस क्लब सीपत, नारायण सिंह मेरावी, कार्तिक सिंह मेरावी, लखन धूलिया, किसान नेता प्रमोद जायसवाल, भरत मरकाम, सोहन पावले, भागीरथी पोर्ते, इंतजामिया कमेटी अध्यक्ष इकबाल हक एवं उमेश कश्यप उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के प्रमुख लोगों में गोंडवाना कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजेंद्र पोर्ते, सचिव पुष्कर मेरावी, चन्द्रलाल कमरो, कुबेर मेरावी, शत्रुहन मेरावी, जैतराम मेरावी, कलेश मेरावी, अर्जुन मेरावी, टीकम मेरावी, टीकम पोर्ते, राहुल मेरावी, श्रवण राज, राकेश पोर्ते, मिलन उइके, संजय मेरावी, फूल सिंह आर्मोर, श्रीमती सविता मेरावी, ऊषा मरावी, शिवमति सरुता, धनईया मरावी एवं ऊषा कमरो सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को मंचस्थ अतिथियों ने संबोधित करते हुए आदिवासी समाज की एकता, शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक जागरूकता पर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र पोर्ते ने किया। आयोजन के दौरान समाजजनों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।









