NTPC के यूनियन अध्यक्ष पर चुनावी रंजिश हमला, सिर फटा,एफ आई आर दर्ज : khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh

बीएमएस कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर की कार्यवाही की मांग, FIR दर्ज!

Mohammad Nazir Hossain chief editor Raipur
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर: सीपत स्थित एनटीपीसी टाउनशिप में चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। अंबेडकर स्टेडियम में बैठक के बहाने बुलाकर बीएमएस यूनियन अध्यक्ष पर लोहे की वस्तु से हमला कर दिया गया। घटना में पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई है। मामले में सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। सीपत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी देव प्रताप टंडन उम्र 47 वर्ष पिता पंचराम टंडन निवासी एनटीपीसी टाउनशिप क्वार्टर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे एनटीपीसी सीपत में कर्मचारी हैं और सीपत ताप विद्युत मजदूर संघ के अध्यक्ष हैं। जनवरी 2026 में हुए कॉपरेटिव सोसायटी चुनाव के बाद से उनका आरोपी प्यारे लाल बघेल से विवाद चल रहा था। प्रार्थी के अनुसार शुक्रवार की शाम करीब 5:30 बजे आरोपी ने उन्हें अंबेडकर स्टेडियम, उज्ज्वल नगर एनटीपीसी सीपत में चर्चा के लिए बुलाया। वे अपने साथी चैलेंजर सिंह राठौर के साथ वहां पहुंचे, जहां पहले से 3-4 लोग मौजूद थे। बातचीत के दौरान आरोपी ने पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखी लोहे की वस्तु से उनके माथे पर वार कर दिया। हमले में प्रार्थी के सिर से खून निकलने लगा। प्रत्यक्षदर्शी चैलेंजर सिंह राठौर, ओमकार परिहार और श्याम कार्तिक मंजारे ने बीच-बचाव किया। घटना के बाद प्रार्थी बीएमएस यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ सीपत थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









