विरानी पब्लिक स्कूल सीपत के छात्रों ने हिन्दी दिवस पर निकाली रैली नुक्कड़ सभा का किया आयोजन: khabar 36 Garh is News Sipat ntpc bilaspur chhattisgarh


परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं, पेपर लीक एवं धन के बल पर अनुचित लाभ लेने की प्रवृत्ति के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया

Mohmmad Nazir Hossain chief editor

ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ सीपत,,,, हिंदी दिवस के अवसर पर विरानी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, सीपत के विद्यार्थियों द्वारा शुक्रवार को नवाडीह चौक में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय से विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण द्वारा जागरूकता रैली निकालकर की गई। रैली के माध्यम से हिंदी दिवस के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए विद्यार्थी नवाडीह चौक पहुँचे, जहाँ कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने “पेपर लीक” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
नाटक के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं, पेपर लीक एवं धन के बल पर अनुचित लाभ लेने की प्रवृत्ति के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि पेपर लीक जैसी घटनाएँ मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के साथ अन्याय करती हैं तथा शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को प्रभावित करती हैं। साथ ही, विद्यार्थियों पर पढ़ाई, करियर और सामाजिक अपेक्षाओं के बढ़ते दबाव को भी नाटक के माध्यम से उजागर किया गया।
नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक और सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों, प्रतिभा और भविष्य को उचित अवसर प्रदान करना भी है। समाज और अभिभावकों को भी विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनका सहयोग और मार्गदर्शन करना चाहिए।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती तारा गिरी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की प्रभारी एवं हिंदी शिक्षिका श्रीमती पूनम मंडल रहीं। नुक्कड़ नाटक का निर्देशन एवं मार्गदर्शन दीपक राठौर एवं श्रीमती पूनम मंडल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकगण ओमप्रकाश यादव, प्रियंका डोंगरे, अनिशा सिंह, रितु डोंगरे एवं विश्वांत डहरिया सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। नुक्कड़ नाटक के पश्चात विद्यार्थी एवं शिक्षकगण जागरूकता रैली के साथ वापस विद्यालय लौटे।
विद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक एवं शैक्षिक विषयों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा समाज को शिक्षा में ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता का संदेश देना रहा।










