कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस – सिमेकॉन 2026 का सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ : khabar 36 Garh is news Raipur Chhattisgarh


मुख्य अतिथि डॉ. विनय रंजन, निदेशक (मानव संसाधन), कोल इंडिया लिमिटेड की गरिमामयी उपस्थिति
Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर: एसईसीएल, बिलासपुर की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस – सिमेकॉन 2026 का आज दिनांक 02 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. विनय रंजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने की। इस अवसर पर कोल इंडिया के चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. सोमशुभ्रो गुप्ता, एसईसीएल के चिकित्सा सेवा प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरिहंत जैन सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. विनय रंजन ने कहा कि कोल इंडिया को इस बात पर गर्व है कि संगठन के पास लगभग 1200 समर्पित चिकित्सकों का सशक्त नेटवर्क है, जो 16 बड़े अस्पतालों एवं 80 से अधिक क्षेत्रीय अस्पतालों के माध्यम से देश के विभिन्न कोलफील्ड क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सक न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदाता हैं, बल्कि संगठन की उत्पादकता और कार्यक्षमता के महत्वपूर्ण स्तंभ भी हैं। स्वस्थ कार्यबल ही उच्च उत्पादकता की आधारशिला है। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में आधुनिक तकनीक, डिजिटल स्वास्थ्य निगरानी एवं डेटा एनालिटिक्स के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए कहा कि भविष्य की स्वास्थ्य प्रणाली तकनीक-सक्षम, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी होनी चाहिए।
तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाओं, वैज्ञानिक सत्रों एवं तकनीकी प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए 250 से अधिक डॉक्टरों एवं विशेषज्ञों एवं कोल इंडिया तथा उसकी सहायक कंपनियों के चिकित्सकों द्वारा विभिन्न शोधपत्र एवं केस स्टडी प्रस्तुत किए गए। खनन क्षेत्रों में व्यावसायिक रोगों की पहचान, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन, उन्नत निदान तकनीक, टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग तथा अस्पताल प्रबंधन प्रणाली जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा सर्वश्रेष्ठ केस प्रेजेंटेशन के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सिमेकॉन 2026 ने ज्ञान-विनिमय, अनुभव साझाकरण एवं चिकित्सा सेवाओं में नवाचार को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच प्रदान किया।
जनसंपर्क अधिकारी एसईसीएल बिलासपुर









