कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं : khabar 36 Garh is News Raipur Chhattisgarh

अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

Mohammad Nazir Hossain chief editor
ख़बर 36 गढ़ न्यूज़ बिलासपुर, 9 जून 2026/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।

जनदर्शन में आज ग्राम पंचायत सेंवार के सरपंच दिलहरण लाल रजक ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगपुरा से झाला तक सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि यह मार्ग नगपुरा, धमनी, कड़ार, सेंवार, कया, बुंदेला जैसे गांवों को जोड़ता है तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण, मजदूर और छात्र प्रतिदिन इसका उपयोग करते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्राम बरतोरी निवासी श्रीमती देवकी मानिकपुरी ने कलेक्टर को आवेदन देकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास के अपूर्ण कार्य को पूरा कराने की अनुमति देने की मांग की है। आवेदिका ने बताया कि आवास निर्माण का कार्य छत तक पहुंच चुका है, लेकिन न्यायालयीन विवाद और शिकायतों के कारण काम रुक गया है। इससे उन्हें योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मामले का शीघ्र निराकरण कर आवास निर्माण पूरा कराने की अनुमति देने का अनुरोध किया है। मस्तूरी तहसील के दर्राभाठा निवासी रामसरोज ने मनरेगा के तहत किए गए 32 दिनों के कार्य का भुगतान दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि गड्ढा खुदाई सहित विभिन्न कार्यों में मजदूरी करने के बावजूद आज तक उन्हें भुगतान नहीं मिला है। रोजगार सहायक द्वारा आश्वासन देने के बाद भी राशि का भुगतान नहीं किया गया।
रतनपुर क्षेत्र के रकैहापारा निवासी सखाराम ने अपनी कृषि भूमि के सही सीमांकन नहीं होने के संबंध में ज्ञापन देते हुए बताया कि पूर्व में आवेदन देने के बाद भी सही तरीके से सीमांकन नहीं किया गया है। उन्होंने भूमि का पुनः सही सीमांकन कराने कहा। ग्राम पंचायत सेंवार के सरपंच श्री दिलहरण लाल रजक द्वारा पंचायत की ओर से आवेदन प्रस्तुत कर गांव में नए पशु चिकित्सालय भवन निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। आवेदन में बताया गया कि वर्तमान भवन जर्जर स्थिति में है और कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे पशु चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। नगर निगम क्षेत्र के एकता नगर (लिटिल एंजेल गली), सिद्धिविनायक वार्ड क्रमांक-4 घुरू के रहवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ट्रांसफार्मर एवं विद्युत खंभे लगाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की है। मोहल्लावासियों का कहना है कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर और पर्याप्त बिजली व्यवस्था नहीं होने से लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वयं के व्यय पर आवश्यक व्यवस्था करने की इच्छा जताते हुए नगर निगम से शीघ्र एनओसी जारी करने की मांग की है। जनदर्शन में आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।









